जमशेदपुर में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर पहल तेज, नई ट्रेन व ओवरब्रिज की बढ़ी उम्मीद

जमशेदपुर : शहर में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है। सांसद विद्युत वरण महतो की पहल के बाद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से हुई बैठक के पश्चात कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सकारात्मक प्रगति की जानकारी सामने आई है।

रेल मंत्रालय की ओर से बताया गया है कि जमशेदपुर को दिल्ली, जयपुर समेत अन्य प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए नई ट्रेन सेवाओं पर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा टाटानगर-चक्रधरपुर रेलखंड पर ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर भी मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

वहीं टाटा-बादामपहाड़ रेल मार्ग पर मकदमपुर लेवल क्रॉसिंग के पास ओवरब्रिज निर्माण की दिशा में भी पहल शुरू हो गई है। इसके लिए फिजिबिलिटी स्टडी कराई जा रही है। ओवरब्रिज बनने से क्षेत्र में जाम की समस्या कम होने और आवागमन सुगम होने की संभावना है।

सांसद ने कहा कि इन पहलों से जमशेदपुर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments