रांची: झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य में “हेल्थ गारंटी कार्ड” लागू करने की घोषणा की है। इस योजना के तहत हर नागरिक को बेहतर और सुलभ इलाज की सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर नामकोम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार हर व्यक्ति को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य जन्म से ही नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है, ताकि इलाज को लेकर आर्थिक बोझ कम हो सके।
![]() |
| झारखंड स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, विश्व स्वास्थ्य दिवस समारोह में |
मंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। नीति आयोग की रिपोर्ट और नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) के तहत राज्य ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया है।
स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए जल्द ही 1,200 चिकित्सकों और 7,500 एएनएम/जीएनएम की भर्ती की जाएगी। इसके अलावा 247 नए एंबुलेंस खरीदे जाएंगे और संताल परगना में आधुनिक कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा।
रक्त उपलब्धता को लेकर मंत्री ने कहा कि बिना डोनर के रक्त उपलब्ध कराना व्यावहारिक रूप से चुनौतीपूर्ण है, इसलिए इस दिशा में नई नीति लाई जाएगी और जरूरत पड़ने पर न्यायालय से मार्गदर्शन लिया जाएगा।
मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे रोजाना कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए निकालें, नियमित व्यायाम करें और संतुलित जीवनशैली अपनाएं।
यह पहल झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ आम लोगों के लिए राहत का बड़ा कदम साबित हो सकती है।

0 Comments