युद्ध तनाव के बीच दुबई में फंसे झारखंड के नवदंपति की सुरक्षित वापसी, 1.12 लाख रुपये का टिकट लेकर भारत लौटे

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले रेल अधिकारी अतुल उरांव और उनकी नवविवाहित पत्नी डॉ. कंचन बाड़ा आखिरकार सुरक्षित अपने घर लौट आए। खाड़ी क्षेत्र में बढ़े युद्ध तनाव के कारण यह नवदंपति करीब एक सप्ताह तक दुबई में फंसे रहे। लगातार फ्लाइट कैंसिल होने और अनिश्चित हालात के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। 

दरअसल, 22 फरवरी को रांची में आदिवासी परंपराओं के साथ धूमधाम से शादी के बाद दोनों 27 फरवरी को अपनी पहली संयुक्त यात्रा के लिए दुबई गए थे। उनकी वापसी 4 मार्च को तय थी, लेकिन खाड़ी क्षेत्र में बढ़े तनाव और फ्लाइट कैंसिलेशन के कारण उनकी योजना पूरी तरह बिगड़ गई। 

अतुल उरांव ने बताया कि उन्होंने कई बार टिकट बुक करने की कोशिश की, लेकिन हर बार आखिरी समय में फ्लाइट रद्द हो जा रही थी। आखिरकार 8 मार्च को उन्हें करीब 1.12 लाख रुपये का महंगा टिकट लेकर मुंबई पहुंचना पड़ा। वहां से हैदराबाद होते हुए वे रांची लौटे। 

रांची पहुंचते ही भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर परिजनों और शुभचिंतकों ने फूलमालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। परिवार के लोगों के लिए यह पल राहत और खुशी से भरा हुआ था, क्योंकि पिछले कई दिनों से वे चिंता में थे। 

इस पूरे घटनाक्रम के बाद अतुल उरांव ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में हवाई टिकट की कीमतों का अचानक बढ़ जाना यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाता है। उन्होंने सरकार और संबंधित एजेंसियों से ऐसी स्थितियों में लोगों को राहत देने की व्यवस्था करने की मांग भी की। 

फिलहाल नवदंपति के सुरक्षित घर लौटने से परिवार और दोस्तों के बीच खुशी का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments