जमशेदपुर/हैदराबाद: जमशेदपुर के प्रसिद्ध चित्रकार अर्जुन दास के लिए बुधवार का दिन बेहद खास और यादगार बन गया, जब उन्हें साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन से मिलने का मौका मिला। यह मुलाकात हैदराबाद के पॉश इलाके जुबली हिल्स स्थित उनके आवास पर हुई, जहां दोनों के बीच करीब 10–12 मिनट तक बातचीत हुई।
अर्जुन दास ने बताया कि अल्लू अर्जुन को उनकी कला के बारे में पहले से जानकारी थी। उनकी पेंटिंग्स से प्रभावित होकर ही उन्होंने अपने मैनेजर के माध्यम से अर्जुन दास को मिलने के लिए आमंत्रित किया। यह मुलाकात सुबह करीब 8 बजे हुई, जो कलाकार के लिए किसी सपने के सच होने जैसी थी।
इस दौरान अर्जुन दास ने अल्लू अर्जुन को तिरुपति बालाजी की एक खूबसूरत पेंटिंग भेंट की। पेंटिंग को देखकर अल्लू अर्जुन काफी प्रभावित हुए और उसकी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि वह इस पेंटिंग को अपने घर में खास जगह पर लगाएंगे।
मुलाकात का एक और खास पहलू तब सामने आया, जब अर्जुन दास की 10 साल की बेटी पाखी की बनाई स्केच को भी अल्लू अर्जुन ने देखा। पाखी की कला ने उन्हें काफी प्रभावित किया। उन्होंने न सिर्फ उसकी तारीफ की, बल्कि अपनी बेटी को भी बुलाकर पाखी से मिलवाया। दोनों बच्चियों की यह मुलाकात वहां मौजूद सभी लोगों के लिए खास पल बन गई।
अर्जुन दास ने बताया कि अल्लू अर्जुन के घर के बाहर रोज हजारों की संख्या में फैंस जुटते हैं, लेकिन सुरक्षा कारणों से किसी को वहां रुकने की अनुमति नहीं होती। ऐसे में इस तरह का खास निमंत्रण मिलना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है।
मुलाकात के दौरान अल्लू अर्जुन ने बेहद सादगी और आत्मीयता के साथ सभी से बातचीत की। उन्होंने हिंदी में बात करने की भी कोशिश की और जमशेदपुर से आए मेहमानों का दिल से धन्यवाद किया।
यह मुलाकात न सिर्फ अर्जुन दास, बल्कि पूरे जमशेदपुर के लिए गर्व का क्षण बन गई, जहां एक स्थानीय कलाकार की प्रतिभा को देश के बड़े सितारे ने सराहा।


0 Comments