जमशेदपुर में दिखी दुनिया की सबसे छोटी गाय, ‘गौरी’ बनी आकर्षण का केंद्र

जमशेदपुर: शहर में इन दिनों एक अनोखी और बेहद छोटी कद की गाय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। ‘मिनी मिनिएचर’ नस्ल की यह गाय अपने आकार और खासियतों के कारण हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। शहर के निवासी मोहित गुप्ता इस अनोखी गाय को दक्षिण भारत से लेकर आए हैं, जहां इस नस्ल को पारंपरिक तरीके से पाला जाता है। करीब डेढ़ फीट की ऊंचाई और लगभग 20–25 किलो वजन वाली यह गाय दुनिया की सबसे छोटी गायों में गिनी जाती है। ‘गौरी’ नाम की यह गाय और इसके साथ मौजूद बछड़ा ‘गोपाल’ लोगों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

मोहित गुप्ता के अनुसार, इस गाय को लाने का उद्देश्य सिर्फ प्रदर्शन नहीं, बल्कि लोगों को देसी नस्लों के महत्व और संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि इस गाय की देखभाल भी काफी आसान है। यह दिनभर में बहुत कम चारा खाती है, करीब 1 से 1.5 किलो तक ही इसका भोजन होता है, साथ ही कम जगह में भी आसानी से पाली जा सकती है, जिससे यह शहरी इलाकों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती है।

धार्मिक और सांस्कृतिक नजरिए से भी इस नस्ल की गाय को खास माना जाता है। मान्यता है कि पुराने समय में ऋषि-मुनि भी इस तरह की छोटी देसी गायों का पालन करते थे, जिससे इसका महत्व और बढ़ जाता है।

खास बात यह है कि इतनी छोटी होने के बावजूद ‘गौरी’ रोजाना करीब 1 लीटर तक दूध दे सकती है। इस दूध में वसा की मात्रा अधिक होती है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी मानी जाती है।

इस पहल को लेकर जनप्रतिनिधियों में भी रुचि देखने को मिल रही है। पश्चिमी सिंहभूम के विधायक सरयू राय ने बिरला मंदिर परिसर में गोसेवा क्षेत्र विकसित करने की बात कही है, जहां इस तरह की मिनी गायों का पालन किया जाएगा। इससे लोगों को देसी नस्लों के महत्व के बारे में जानने का अवसर मिलेगा।

फिलहाल यह छोटी सी गाय जमशेदपुर में लोगों के लिए कौतूहल का केंद्र बनी हुई है, और इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ लगातार उमड़ रही है।

Post a Comment

0 Comments