रांची: झारखंड में तेजी से फैल रहे अवैध ड्रग्स कारोबार और युवाओं में बढ़ती नशे की लत को लेकर विधानसभा में गंभीर चर्चा हुई। इस दौरान विधायक रोशन लाल चौधरी ने हजारीबाग और रामगढ़ सहित कई इलाकों में फैल रहे ‘सफेद जहर’ यानी हेरोइन और ब्राउन शुगर के कारोबार पर सरकार से जवाब मांगा।
विधायक ने कहा कि पतरातू, बड़कागांव और केरेडारी जैसे क्षेत्रों में नशीले पदार्थों का अवैध व्यापार तेजी से फैल रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य खतरे में पड़ रहा है और अपराध की घटनाओं में भी वृद्धि देखी जा रही है।
सदन में पेश आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2019 से 2023 के बीच एनडीपीएस एक्ट के तहत राज्य में 2396 मामले दर्ज किए गए। हाल के दिनों में कई जगहों से करोड़ों रुपये के ड्रग्स बरामद होने से राज्य में ड्रग माफियाओं की सक्रियता का संकेत भी मिला है।
इस मुद्दे पर जवाब देते हुए मंत्री योगेंद्र महतो ने कहा कि सरकार नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाएगी। उन्होंने बताया कि राज्य के हर जिले में विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा और अवैध ड्रग्स के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
सरकार का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से बचाना और राज्य में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना है। आने वाले दिनों में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई और तेज की जाएगी।

0 Comments