जमशेदपुर के पास स्थित दलमा वन्यजीव अभयारण्य में तीन दिवसीय सेकेंड बर्ड फेस्टिवल की शुरुआत हो गई है। यह आयोजन 9 मार्च से 11 मार्च तक चलेगा। वन विभाग द्वारा आयोजित इस खास कार्यक्रम का उद्देश्य दलमा क्षेत्र में पाए जाने वाले विभिन्न पक्षियों की पहचान, संरक्षण और लोगों में प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
दलमा का जंगल जैव विविधता के लिए काफी प्रसिद्ध है। यहां कई दुर्लभ और रंग-बिरंगे पक्षियों की प्रजातियां देखने को मिलती हैं। इसी प्राकृतिक संपदा को करीब से जानने और उसे संरक्षित करने के उद्देश्य से इस बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है।
इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से पक्षी विशेषज्ञ, फोटोग्राफर और प्रकृति प्रेमी दलमा पहुंचे हैं। जानकारी के अनुसार अब तक करीब 100 से अधिक बर्ड वॉचर्स और प्रकृति प्रेमियों ने इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस आयोजन के माध्यम से लोगों को पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों के बारे में जानकारी मिलेगी और जैव विविधता संरक्षण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी। साथ ही यह कार्यक्रम प्रकृति प्रेमियों के लिए सीखने, अनुभव साझा करने और जंगल की खूबसूरती को करीब से देखने का एक शानदार अवसर बन रहा है।
वन विभाग का मानना है कि ऐसे आयोजनों से दलमा क्षेत्र की प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों की भागीदारी भी बढ़ेगी।

0 Comments