झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जमशेदपुर समेत 17 जिलों के DC बदले; राजीव रंजन बने पूर्वी सिंहभूम के नए उपायुक्त

 रांची: झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए राज्य के 17 जिलों में उपायुक्तों (DC) का तबादला किया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की अधिसूचना के अनुसार कई आईएएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इस फैसले को प्रशासनिक कार्यों में तेजी, बेहतर निगरानी और सुशासन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

पूर्वी सिंहभूम में राजीव रंजन बने नए DC

इस फेरबदल में पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की जगह राजीव रंजन को नया DC नियुक्त किया गया है। राजीव रंजन इससे पहले मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत थे।

इन जिलों में भी बदले गए उपायुक्त

सरकार ने संदीप कुमार को लातेहार, अनन्य मित्तल को गढ़वा, दिलेश्वर महतो को गुमला, मेधा भारद्वाज को पाकुड़, लोकेश मिश्रा को गोड्डा, शशि प्रकाश सिंह को देवघर, उत्कर्ष गुप्ता को कोडरमा, हेमंत सती को हजारीबाग, मनीष कुमार को पश्चिम सिंहभूम (चाईबासा) और ऋतुराज को रामगढ़ का उपायुक्त बनाया है।

इसके अलावा रवि आनंद को चतरा, दीपक कुमार दुबे को साहिबगंज, दिलीप प्रताप सिंह शेखावत को पलामू, सौरभ कुमार भुवानिया को खूंटी, संदीप कुमार मीणा को लोहरदगा और आलोक कुमार को जामताड़ा का DC नियुक्त किया गया है।

युवा अधिकारियों पर सरकार का भरोसा

इस बार सरकार ने अपेक्षाकृत युवा अधिकारियों को जिलों की कमान देकर प्रशासनिक कार्यशैली में तेजी और पारदर्शिता लाने का संकेत दिया है। नव पदस्थापित अधिकारियों को शीघ्र योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या होगा असर?

माना जा रहा है कि इस व्यापक फेरबदल का असर जिलों की प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जनसेवाओं और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर देखने को मिल सकता है।

Post a Comment

0 Comments