रांची/खूंटी: देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 28 मार्च को झारखंड के खूंटी जिले स्थित उलिहातु का दौरा करेंगे। यह स्थान महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। अपने इस दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से भी मुलाकात करेंगे।
जानकारी के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 11:40 बजे उलिहातु पहुंचेंगे और लगभग एक घंटे तक वहां रुकेंगे। कार्यक्रम के बाद वे सीधे रांची के लिए रवाना हो जाएंगे। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका पहला उलिहातु दौरा होगा, जिस कारण इस कार्यक्रम को विशेष महत्व दिया जा रहा है।
प्रशासन अलर्ट मोड में, तैयारियां तेज
उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ इलाके में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है।
उलिहातु के कंटापीड़ी क्षेत्र और खूंटी IOCL डिपो के पास अस्थायी हेलिपैड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
पहले भी रह चुके हैं झारखंड से जुड़े
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इससे पहले झारखंड के राज्यपाल के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। ऐसे में उनका यह दौरा न केवल प्रशासनिक बल्कि भावनात्मक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रशासन का कहना है कि उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हों, इसके लिए हर स्तर पर तैयारी की जा रही है और सुरक्षा में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

0 Comments